कुल्लू। किताबों की खुशबू से ढालपुर महक उठा है। लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में सजी पुस्तक प्रदर्शनी में ज्ञान और साहित्य की दुनिया पाठकों को अपनी ओर खींच रही है।
पुस्तक प्रेमी अपनी पसंद की किताबों की तलाश में पहुंच रहे हैं और किताबों की खरीदारी कर रहे हैं। प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों से लेकर हर वर्ग के लोग पहुंच रहे हैं। लेखक, शिक्षक और शिक्षाविद् भी इसे ज्ञान और संस्कार की रोशनी फैलाने वाली सार्थक पहल बता रहे हैं।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) की ओर से लगाई गई यह प्रदर्शनी 11 सितंबर तक चलेगी। इसमें साहित्य, कविता और इतिहास से लेकर बच्चों की पढ़ाई, ज्ञानवर्धक सामग्री और रोचक कहानियों की किताबें उपलब्ध हैं।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी कला केंद्र में लोगों की आवाजाही लगी रही। लोगों ने किताबों को निहारा और अपनी पसंद की पुस्तकों की खरीदारी की।