कुल्लू मनाली वामतट मार्ग पर दुघर्टना ग्रस्त हुआ वाहन एक की मौत।-संवाद
खराहल (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली सड़क पर वामतट के समीप मंगलवार देर रात बोलेरो कैंपर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के समय दोनों कराडसू पंचायत के भडोगी गांव की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वामतट के समीप पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो कैंपर (एचपी-34एफ-5819) दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में 18 वर्षीय कविता पुत्री देवी राम निवासी घोट पंचायत काईसा की मौके पर ही मौत हो गई। घायल चालक 22 वर्षीय आर्दष पुत्र हेमराज निवासी पालगी, गड़सा को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे नेरचौक मंडी रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बीडीसी के पूर्व अध्यक्ष खेख राम ने बताया कि मृतक युवती के परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये और घायल को पांच हजार रुपये की राशि दी गई है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।