कुल्लू सदर में टिकट को लेकर भाजपा में खींचतान शुरू हो गई है। टिकट मिलने को लेकर अफवाहों के बीच सदर विधायक महेश्वर सिंह ने कार्यकर्ताओं की भ्रांतियां दूर करने के लिए मौहल में बैठक बुलाई। मौहल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक कुल्लू सदर विधायक महेश्वर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक विभिन्न मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। भाजपा विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा के कुछ लोग गांव-गांव जाकर दुष्प्रचार कर रहे हैं और संगठन से टिकट मिलने की बात पक्की कह रहे हैं। संगठन के लिए कुछ नेताओं द्वारा अपने फायदे के लिए इस तरह का दुष्प्रचार करना ठीक नहीं है। जिसके चलते इस बैठक में इस मसले को लेकर मंथन किया गया है। वे लोग गांव में जाकर जातिवाद का जहर फैला रहे हैं। निजी स्वार्थ के लिए ऐसा करना सही नहीं है। इस संबंध में हाईकमान को भी सूचित किया गया है। इसके बाद ही बैठक बुलाई गई है।
बैठक में कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि कुल्लू का विकास अम्रुत योजना के तहत होगा। कुल्लू के लिए स्वीकृत अम्रुत योजना से यहां की तस्वीर बदल जाएगी। ढालपुर से सुलतानपुर के लिए फ्लाइओवर का निर्माण किया जाएगा और सड़क के ऊपर पैदल चलने के लिए मार्ग बनाए जाएंगे। शहर का व्यवस्थित तरीके से विकास होगा। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के तहत आते लगवैली से लेकर मणिकर्ण घाटी तक अलग-अलग क्षेत्रों में पीने के पानी की अनेकों योजनाओं को स्वीकृति दी गई है जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने हैं। सरकार की ओर से इन योजनाओं के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। कई सिंचाई योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। जिन गांवों तक सड़ नहीं पहुंची है उन गांवों को सड़कों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर गोपी चंद शर्मा, देवेंद्र शर्मा, भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या मनु ठाकुर, आलम चंद, वीरचंद, केश्व मस्तान, राजेंद्र शर्मा, लता ठाकुर और इंदिरा ठाकुर उपस्थित थे। गोपी चंद शर्मा ने बताया कि इस बैठक के दौरान खराहल घाटी के पेछा गांव से संबंध रखने वाले कांग्रेस के 24 परिवारों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की है। भाजपा में शामिल होने वालों का कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने स्वागत किया।