कंपनी के अधिकारियों ने कुल्लू में डाला डेरा, रोपवे साइट पर पहुंचाया सामान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था 283 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास
2.4 किमी होगी लंबाई, पहले एक घंटा पैदल और सड़क से करते थे 20 किमी सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लगभग 283 करोड़ की बहुचर्चित बिजली महादेव रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकता है। गर्मियों से पहले बिजली महादेव रोपवे के निर्माण कार्य के गति पकड़ने की उम्मीद है। हालांकि, इससे पहले निर्माण करने वाली कंपनी औपचारिकताओं को पूरा कर रही है।
बिजली महादेव रोपवे का निर्माण करने वाली कंपनी ने कुल्लू में डेरा डाल दिया है। कंपनी ने अपने अधिकारियों के रहने के लिए वीआईपी क्वार्टर के साथ अन्य व्यवस्था की है। साथ ही बिजली महादेव रोपवे का जहां स्टार्ट पॉइंट है, वहां भी कुछ सामान भी पहुंचा दिया है। हालांकि, अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
गौर रहे कि 283 करोड़ की बिजली महादेव रोपवे परियोजना का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पांच मार्च, 2024 को वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया था। पिरड़ी से बिजली महादेव तक लगने वाले रोपवे की लंबाई 2.4 किलोमीटर होगी।
बिजली महादेव तक जाने के लिए पहले जो सफर 20 किलोमीटर सड़क से और एक घंटे पैदल होता था। वह अब मिनटों में पूरा होगा। बिजली महादेव रोपवे बनने से श्रद्धालुओं का बिजली महादेव पहुंचना आसान हो जाएगा। सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पर्यटन को पंख लगने की उम्मीद है। केंद्र सरकार के सहयोग से लग रहे बिजली महादेव रोपवे पर सबकी नजरें टिकी हैं। बहरहाल, यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि आखिर कब तक बिजली महादेव रोपवे का काम शुरू होता है।
उधर, सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू विधानसभा में एक नहीं दो रोपवे लग रहे हैं। कुल्लू से भी पीज के लिए भी रोपवे लग रहा है।