मनाली-चंडीगढ़ फोरलेन हाईवे पर दियार चौक में भरा बरसात के पानी के बीच गुजरते वाहन।-संवाद
कुल्लू। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश का असर जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। ब्यास नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जबकि कुल्लू-मनाली फोरलेन पर दियार चौक के समीप फिर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा।
प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने व मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
बारिश के कारण दियार चौक के पास फोरलेन पर बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया। जलभराव के बीच वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन निकालने पड़े, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी नारायण सिंह, बहादुर सिंह, रामलाल और ललित ने बताया कि बरसात के दौरान इस स्थान पर हर वर्ष जलभराव की समस्या बनी रहती है। उनका कहना है कि फोरलेन पर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है।
उन्होंने संबंधित विभाग से स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे क्षेत्रों के लोग भी सतर्क हो गए हैं। हालांकि अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है लेकिन लगातार बारिश के चलते लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को आगामी दिनों में भी विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।