उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। उपमंडल में इन दिनों भालू का आतंक बढ़ गया है। भालू ने अब बगीचों में घुसकर सेब की फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। सोमवार रात जसरथ गांव में भालू ने कई बागवानों के बगीचों में घुसकर सेब के पेड़ों की टहनियां तोड़ दीं और फलों को गिराकर काफी नुकसान पहुंचाया।
सेब की फसल बाजार में जाने को तैयार है और ऐसे समय में भालू के हमले से बागवानों की चिंता बढ़ गई है। बागवानों को अब यह डर सता रहा है कि रात के समय बगीचों की रखवाली कैसे की जाए। दिन-रात की कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल को नुकसान से बचाना उनके लिए चुनौती बन गया है।
यह समस्या खासकर वाम तट पर बसे जोबरंग और नालडा पंचायत के गांवों में अधिक सामने आ रही है। जसरथ, जोबरंग, नालडा सहित अन्य गांवों से भी लगातार भालू के बगीचों में घुसने और फसल को नुकसान पहुंचाने की जानकारी मिल रही है।
बागवानों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि भालू को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर भगाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, बगीचों में हुए नुकसान का आकलन कर बागवानों को उचित मुआवजा दिया जाए।