बंजार उपमंडल के तहत आने वाली गुशैणी कस्बे की शरची पंचायत के लोग एक साल से बस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। वहीं लोगों को एक साल बाद भी घरेलू गैस सिलेंडर की सुविधा घरद्वार नहीं मिल रही है। जिससे पंचायत के लोगों में खासा रोष है। उपभोक्ताओं में पूर्ण चंद, निरत राम, दीवान सिंह, उमा देवी, शांती देवी, निर्मला, कुबजा देवी, दौलत राम, तिलक राज और प्रेमलता के अनुसार सड़क नहीं होने से पहले उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए गुशैणी आना पड़ता था।
अब बस सेवा भी शुरू हो गई और फिर भी पंचायत के कोशुनाला, झुटली, बांदल, बुसारी, तलीहार, शरची और जमाला आदि गांव के लोगों को मीलों दूर गुशैणी से ही सिलेंडर लाना पड़ रहा है। खासकर जमाला व शरची के ग्रामीणों को 17 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है। कई बार गैस नहीं मिलने पर उन्हें काफी परेशानी भी झेलनी पड़ती है। गुशैणी से शरची सड़क को पास हुए एक साल का समय हो गया है। परंतु गैस की डिलीवरी नहीं हो रही है। इस संबंध में पंचायत को भी एक प्रस्ताव भेजा गया है। बावजूद गैस की गाड़ी नहीं आ रही है। अगर गैस की गाड़ी पंचायत को नहीं आई तो वह सड़क पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे। जिला खाद्य नियंत्रक शिव राम ने कहा कि सड़क पास है या नहीं इसकी जानकारी ली जाएगी और सिलेंडर वाहन को मौके पर भेजा जाएगा।