स्पीति के लिए बालन लकड़ी ले जाता ट्रक।-जागरूक पाठक
बर्फबारी से पहले लाहौल-स्पीति जिले के निवासियों को मिली बड़ी राहत
विधायक बोलीं- जल्द मांग भेजें पंचायतें, विभाग जल्द करे आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। सर्दी की आहट के साथ ही लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लोगों को ठंड से राहत देने की तैयारी तेज कर दी है।
स्पीति घाटी में बालन लकड़ी की पहली खेप पहुंच चुकी है जिससे बर्फबारी से पहले स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है। विधायक अनुराधा राणा ने विभागों को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने और पंचायतों से मांग शीघ्र भेजने के निर्देश दिए हैं।
घाटी में बर्फबारी का दौर शुरू होने से पहले विभाग और निगम ने लोगों की मांग के अनुसार लकड़ी पहुंचाना शुरू कर दिया है। विधायक ने कहा कि दो दिन के भीतर प्रारंभिक सप्लाई घाटी में पहुंच जाएगी।
आपदा के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त होने से बालन लकड़ी की आपूर्ति में देरी हुई है। अब वन विभाग जल्द स्पीति घाटी के हर जरूरतमंद लोगों को बालन लकड़ी मुहैया करवाएगा। विधायक अनुराधा राणा ने स्पीति के ग्राम पंचायतों से अनुरोध किया है कि वह अपनी बालन लकड़ी की मांग समय पर वन विभाग को प्रेषित करें जिससे लकड़ी की आपूर्ति में अनावश्यक देरी न हो। विधायक अनुराधा राणा ने वन विभाग और निगम को घाटी की मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने निर्देश दिए हैं। विधायक ने लाहौल-स्पीति प्रशासन से आग्रह किया है कि सर्दियों के लिए लोगों की हर जरूरत की वस्तु समय पर उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सर्दी दस्तक दे चुकी है। अब कभी भी बर्फबारी हो सकती है, इसलिए विलंब न करें।