कुल्लू के खराहल में नाशपाती की पैकिंग करने में जुटे वागबान।
खराहल (कुल्लू)। मंडियों में अब नाशपाती की ठंडी किस्म बाबूगोशा ने भी दस्तक दे दी है। बंदरोल सब्जी मंडी में ए ग्रेड बाबूगोशा नाशपाती को 75 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले हैं। पिछले साल के मुकाबले शुरुआती दौर में 65 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले थे। बेहतर दाम मिलने से बागवान गदगद हैं।
इस बार नाशपाती की पैदावार गत वर्ष की अपेक्षा कम है। घाटी के नाशपाती उत्पादक सुशील भंडारी, केहर सिंह, सुनू राम और देवराज ने कहा कि कुछ सालों से बाबूगोशा के बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। नाशपाती में सेब के मुकाबले स्प्रे आदि की आवश्यकता नहीं होती है। रसीले-मीठे फल की बाहरी राज्यों में भी भारी मांग है।
स्वाद लाजवाब और अधिक रसीला होने से व्यापारी इस फल को काफी पसंद कर रहे हैं। बागवानी विभाग के उपनिदेशक बीएम चौहान बताते हैं कि नाशपाती की ठंडी किस्म कम है, लेकिन इसके भी बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। यह फल अधिक ठिकाउ भी है। यह जल्दी खराब नहीं होता है। बंदरोल आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मोहन ठाकुर ने कहा कि ए श्रेणी की बाबूगोशा 75 रुपये प्रतिकिलो बिकी है। कश्मीर की नाशपाती देश की मंडियों में आने से भी दाम स्थिर हैं।....
ठंडी किस्म की नाशपाती के फायदे
बाबूगोशा फल खाने से बेशुमार फायदे होते हैं। यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में कारगर है। हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने में सहायक है। कब्ज की समस्या को दूर करता है। इस फल का सेवन हड्डियों को स्वस्थ रखने में हितकारी साबित होता है। विटामिन के, सी और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। मधुमेह, आखों की बीमारी और चर्म रोग को भी कम करने में कारगर है।
000