एक अक्तूबर से जिलेभर में शुरू होगा अभियान : अश्वनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) लोगों को सुरक्षित भवन के निर्माण के लिए जागरूक करेगा। इसके लिए एक अक्तूबर से जागरूकता अभियान शुरू होगा। लोगों को सुरक्षित भवन निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया जाएगा।
यह बात शुक्रवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर को होने वाली ग्रामसभाओं में लोगों को सुरक्षित भवन निर्माण की जानकारी देने के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। लोगों को जागरूक करने लिए कलाकारों और स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा।
भवन निर्माण से जुड़े ठेकेदारों, मिस्त्रियों और अन्य कामगारों को भी सुरक्षित भवन निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया जाएगा। जिले के हाई स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा कॉलेजों में सुरक्षित भवन निर्माण की प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस 13 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद