जिला मुख्यालय कुल्लू में एटीएम खराब पड़े हुए हैं। इससे सरकारी कर्मचारियों समेत आम जनता भी परेशान है। काफी दिनों से एटीएम खराब होने से कर्मचारी वर्ग बैंक प्रबंधन से खफा है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष एलआर गुलशन ने बताया कि दशहरा उत्सव से लेकर ढालपुर के सभी एटीएम खराब पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि ढालपुर स्थित एसपी कार्यालय के बाहर लगे एटीएम की सेवाएं तो हर वक्त चरमराई होती हैं। वहीं, एसबीआई तथा अन्य बैंकों के एटीएम भी इन दिनों खराब चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो नवंबर को कर्मचारियों को सेलरी मिली है। उन्होंने बताया कि उस दिन से लेकर जब भी कर्मचारी एटीएम में पैसे निकालने जाते हैं तो एटीएम आउट ऑफ सर्विस होते हैं।
इस स्थिति में कर्मचारियों को फिर से बैंकों में जाकर लाइन में खड़े होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य प्रबंधक से भी इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई गई है, लेकिन बैंक के अधिकारी भी समस्या का हल करने में कोई उचित कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधकों से मांग की गई है कि जल्द खराब एटीएम दुरुस्त किए जाएं। उन्होंने कांगड़ा कोआपरेटिव सोसायटी से ढालपुर में शाखा खोलने भी मांग की है।