कुल्लू। जिले में वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। रोजाना हजारों पर्यटक वाहन कुल्लू आ रहे हैं। रविवार को अटल टनल रोहतांग से लेकर जलोड़ी दर्रा तक जाम रहा। कुल्लू-मनाली, मनाली-लेह, औट-सैंज-लुहरी हाईवे समेत जिले की कुल्लू-मनाली वाया नग्गर, कुल्लू-मणिकर्ण संपर्क सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
वीकेंड पर पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर भारी दबाव रहा। वाहनों के पहिये थमे रहे और गंतव्य तक पहुंचने में तीन से चार घंटों का अतिरिक्त समय लगा। कुल्लू से अटल टनल रोहतांग की ओर निकले पर्यटकों को वैष्णो माता मंदिर, बबेली, रायसन, डोभी, रांगड़ी, मनाली, वशिष्ठ चौक, नेहरूकुंड, पलचान, सोलंगनाला और अटल टनल में जाम का सामना करना पड़ा। यही हाल भुंतर-जिया-मणिकर्ण सड़क पर रहा।
जिया, सिउंड, जच्छणी, सरसाड़ी, जां, शाट, जरी, कसोल आदि स्थानों पर जाम से हालात बिगड़े। औट-सैंज-लुहरी हाईवे पर भी जाम रहा। पर्यटकों को लारजी से जलोड़ी दर्रा पहुंचने तक जाम से खूब परेशान होना पड़ा है। पर्यटक निशांत चौधरी, रमनदीप, अशोक चोटला, मोहित वर्मा, आकाश, मोहन बाली, रत्नेश ने कहा कि वे तीन से पांच दिन का टुअर बनाकर घर से निकले हैं, लेकिन सड़कों की खस्ताहाल के कारण जाम लग रहा है। दिन में चार से पांच घंटे जाम में गुजर रहे हैं।
सरकार को सड़कों की दशा को सुधारना चाहिए। उधर, पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात हैं। संवाद