कुल्लू। पुलिस ने बंदरोल सब्जी मंडी में एक व्यापारी से धोखाधड़ी करने वाले पंजाब के एक शातिर चालक को दबोचा है। उसने व्यापारी का करीब तीन लाख रुपये का नुकसान किया। आरोपी बंदरोल सब्जी मंडी से 25 अगस्त 2020 को सेब की 129 क्रेट खरड़ पहुंचाने की बजाय फुर्र हो गया था। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया था। पुलिस ने फर्जी नंबर लगाकर चलने वाली गाड़ी को भी जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार दो सितंबर 2020 को बंदरोल सब्जी मंडी में खरड़ निवासी सेब के व्यापारी ने कुल्लू थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसे आरोपी करीब तीन दिन पहले से सेब की क्रेट लोड करने को बोल रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोपी का पूरा पता, लाइसेंस लेकर 25 अगस्त 2020 को सेब की 129 क्रेट लोड कर बंदरोल सब्जी मंडी से खरड़ सब्जी मंडी में अपनी फर्म के पास उतारने को कहा। 26 अगस्त को सुबह 4.15 बजे आरोपी ने फोन कर बताया कि उसकी गाड़ी खराब हो गई है। इसके बाद उसने फोन स्विच ऑफ कर दिया। शिकायतकर्ता ने अपनी फर्म को फोन किया तो पता चला कि सेब की क्रेट उनके पास नहीं पहुंची है। इसके बाद व्यापारी को शक हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मामले की छानबीन करने के बाद पुलिस ने आखिर धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले आरोपी गोल्डी शर्मा पुत्र हरीश कुमार, निवासी कस्तूरा रोड़ राजपुरा, तहसील राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार किया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 407, 420, 467, 468, 471, 34 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने वाहन के पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस की फर्जी प्रति दी थी। इसके साथ ही गाड़ी में दूसरा फर्जी नंबर लगाकर इसे चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।