अब सुचारू रूप से चलेगी 115 विद्यार्थियों की पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शिक्षा खंड सैंज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिंहण में जेबीटी शिक्षक की तैनाती हो गई है। शिक्षक की नियुक्ति होने से विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लगेंगी। लंबे समय से शिक्षक का पद रिक्त था। इस कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। विद्यालय में शिक्षकों के तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन एक शिक्षक को प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। एक पद रिक्त चल रहा था। विद्यार्थियों को पढ़ाने का जिम्मा एक ही शिक्षक पर था। एक ही शिक्षक होने के कारण विद्यार्थियों को शिक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अब प्राथमिक विद्यालय सिंहण में जेबीटी शिक्षक की तैनाती हो जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों की परेशानी कम हुई है। विद्यालय में 115 बच्चे अध्ययनरत हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि विद्यालय में जेबीटी की तैनाती हुई है। अब विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में समस्याएं नहीं आएंगी। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए शिक्षक को दोबारा सिंहण में सेवाएं देने के निर्देश जारी करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में शिक्षकों की कमी आड़े न आए। संवाद