बंजार के पूर्व विधायक दिले राम शबाब के पोते का बेटा है वेदांश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के बिशप कॉटन स्कूल शिमला के तीन लापता छात्रों को लापता होने के 24 घंटों के भीतर शिमला पुलिस ने ढूंढ निकाला है। तीनों छात्र सुरक्षित हैं।
इनमें एक छात्र कुल्लू के बंजार क्षेत्र के पूर्व विधायक दिले राम शबाब के परपोते वेदांश भारती हैं। 9 अगस्त को माल रोड शिमला से अचानक लापता हुए इन तीनों बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया। इस दौरान शाम करीब 5:00 बजे वेदांश के पिता को एक व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से कॉल आई कि उनका बेटा उनके पास है और वह बाद में फिर से उनको कॉल करेंगे। हालांकि बाद में उन्हें किसी तरह की कॉल नहीं आई लेकिन घबराए पिता ने इसकी सूचना शिमला पुलिस को दी। बताया कि शातिरों ने इन तीन छात्रों में हरियाणा के एक छात्र के पिता को भी फोन किया था मगर उन्होंने फोन नहीं उठाया। उसके बाद उन्होंने देवांश के पिता को व्हाट्सएप से कॉल की गई। छात्र देवांश के दादा राजू भारती ने कहा कि उनके बेटे को 8 अगस्त को शाम के समय फोन आया था। उन्होंने कहा कि यह फोन किसी अज्ञात नंबर से आया था। फोन करने वाले शातिर ने किसी तरह की फिरती की मांग नहीं की गई थी। उन्होंने इसकी सूचना शिमला पुलिस को दी। राजू भारती ने कहा कि उनका पोता शिमला पुलिस द्वारा सुरक्षित ढूंढ दिया है। उधर शिमला पुलिस द्वारा तीनों छात्रों को ढूंढने के बाद डरे व सहमे परिवार जनों ने राहत की सांस ली है।