कुल्लू। जिले में ऑल इंडिया नीट की प्रवेश परीक्षा चार मई को होगी। इसके लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए उपायुक्त ने एक बैठक का आयोजन वीरवार को किया। प्रवेश परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने पुलिस को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस दौरान कुल्लू में निरंकारी समागम तथा पीपल जातर मेले के कारण भीड़ है। यातायात के कारण किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए निकलें, ताकि कोई समस्या न हो। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू तथा जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें कुल 718 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। संवाद