कुल्लू-मनाली हाईवे में एक माह, एनएच-305 पर तीन माह से ठप हैं बस सेवाएं
दोनों हाईवे को छोटे वाहनों के लिए अस्थायी तौर पर किया गया है बहाल
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को रह गए मात्र दस दिन का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा को मात्र दस दिन का समय रह गया है। ऐसे में प्रशासन के लिए जिले की मुख्य सड़कों को बस सेवा के लिए बहाल करना एक चुनौती बन गया है।
जिले के दो एनएच को दशहरा से पहले बसों के लिए बहाल करने का एनएचएआई और एनएच विभाग ने लक्ष्य रखा है। अभी तक कुल्लू-मनाली हाईवे तीन और औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 को अस्थायी तौर से छोटे वाहनों के लिए बहाल किया है।
दशहरा के लिए जिले के लोगों का आवागमन जहां आरामदायक हो, वहीं देवी-देवताओं को भी दशहरा में पहुंचने में किसी तरह की समस्या न हो। अधिकतर देवी-देवता इन दोनों हाईवे से होकर कुल्लू दशहरा में पैदल पहुंचते हैं। इसके अलावा कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारियों को भी दशहरा के बाद पर्यटकों के आने की उम्मीद है। कुल्लू-मनाली के बीच बसों चल रही वह वामतट होकर जा रही है। हाईवे-305 पर अभी बसों का आवाजाही नहीं हो रही है।
कुल्लू-मनाली हाईवे-तीन पर एक माह से बसें नहीं दौड़ रही हैं। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर तीन माह से बसों का संचालन पूरी तरह से ठप है। लोग टैक्सी में ही सफर करने को मजबूर हैं। ओम प्रकाश, लाल चंद ठाकुर, मान सिंह ठाकुर और दयानंद कश्यप का कहना है कि लोग टैक्सी में चल रहे हैं। इस बार हाईवे-305 के साथ हाईवे तीन की हालत 2023 को आई आपदा से अधिक खराब है। उन्होंने कहा कि हाईवे-305 को बसों के लिए बहाल करना एनएच के लिए एक चुनौती बन गया है। एनएच-305 के
अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने कहा कि हाईवे को अस्थायी के बाद बसों के लिए खोलने का काम चल रहा है। इसके लिए एनएच ने 20 से अधिक मशीनों को लगाया है। उन्होंने कहा कि दशहरा तक हाईवे को बहाल करने का लक्ष्य रखा है।