दस सूत्रीय मांग पत्र को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे बंजार विकास मंच के अध्यक्ष भगतराम का अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशन का दर्जनों युवाओं ने समर्थन करते हुए बंजार क्षेत्र की अनदेखी को लेकर प्रदर्शन किया। युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार क्षेत्र की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शौरी ने बंजार की सार्वजनिक मांगों को लेकर अनशन पर बैठे भगतराम ठाकुर का तीन दिन तक कोई हाल न पूछने को लेकर रोष जताया। इसके पश्चात बंजार के कार्यवाहक एसडीएम ने भगतराम ठाकुर का मेडिकल चेकअप करवाया। इसमें पाया गया है कि भगतराम का शूगर काफी घट गया है। अनशन वाले स्थान पर बिजली की व्यवस्था भी की गई है। भगतराम के समर्थन में अब दूसरे लोग भी आने लगे हैं, जिससे अनशन को मजबूती मिल रही है। एसएफआई के बंजार कॉलेज अध्यक्ष छापेराम ने भगतराम का समर्थन करने की बात कही है।
वहीं, हिलोपा नेता तेजा सिंह ठाकुर, ध्यान सिंह तथा गिरधारी लाल शर्मा ने भी बंजार विकास मंच का समर्थन करते हुए सरकार पर बंजार के विकास में विफल रहने का आरोप लगाया है। टील पंचायत के उपप्रधान प्रेम सिंह नेगी ने भी युवाओं से अनशन को समर्थन देने की अपील की है। एसडीएम बंजार ने सभी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त करने की अपील की, लेकिन भगतराम ठाकुर धरातल पर ठोस कार्रवाई होने के बाद ही अनशन तोड़ने की मांग पर डटे रहे।