संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। मौसम की बेरुखी मनाली के पर्यटन कारोबार पर भारी पड़ने लगी है। पर्यटन सीजन फीका पड़ने के बाद अब ट्रैकिंग सीजन भी थम गया है। बरसात और बादल फटने की घटनाओं के बाद पर्यटक ट्रैकिंग के लिए नहीं आ रहे हैं।
आगामी दिनों की बुकिंग भी मौसम की वजह से प्रभावित हो रही है। ट्रैकिंग से जुड़े कारोबारियों में मायूसी है। हालांकि आगामी दिनों में ट्रैकिंग सीजन के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।
कोरोना काल के बाद मनाली के पर्यटन कारोबार ने रफ्तार जरूर पकड़ी, लेकिन अपेक्षा के अनुसार पर्यटक मनाली नहीं आए। वर्ष 2019 के मुकाबले 2022 में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी कमी दर्ज की गई। ट्रैकिंग पर निकलने वाले पर्यटकों की संख्या में भी काफी कमी दर्ज की जा रही है। इन दिनों ट्रैकिंग सीजन चरम पर था, लेकिन बादल फटने की घटनाओं के बाद ट्रैकिंग पर जाने वाले पर्यटक नहीं आ पा रहे हैं।
दूसरी ओर प्रशासन ने नदी-नालों के तटों पर लगाई गई कैंपिंग साइटों को तुरंत हटाने के आदेश दिए हैं। सभी को सुरक्षा नियमों के तहत लगाने की अनुमति दी जाएगी। हाई एडवेंचर ट्रैवल कंपनी के संचालक राकेश रावत का कहना है कि फिलहाल ट्रैकिंग सीजन मंदा चल रहा है। इन दिनों ट्रैकिंग बंद है। आगामी दिनों के लिए भी खास बुकिंग नहीं है। उनके अनुसार मौसम खराब होने के बाद ट्रैकिंग कारोबार काफी प्रभावित हुआ है। साहसिक पर्यटन से जुड़े रूप नेगी का कहना है कि इस वर्ष ट्रैकिंग सीजन फीका रहा। जून से अक्तूबर तक ट्रैकिंग की जाती है। उनके अनुसार फिलहाल बुकिंग भी खास नहीं है।
नदी-नालों के तटों पर कैंप लगाने पर रोक
जिला प्रशासन ने नदी-नालों के तटों पर कैंपिंग साइटें बनाने पर फिलहाल रोक लगा रखी है। इसको लेकर खाका तैयार किया जा रहा है। नदी-नालों के तटों से कुछ मीटर की दूरी निश्चित कर हालांकि पुन कैंप लगाने की अनुमति दी जा सकती है। कैंपिंग साइटों में सुरक्षा मानकों के साथ ही स्वच्छता के लिए भी ठोस नियम बनाए जाएंगे। इसका संचालकों को पालन करना होगा।
वीकेंड में भी घटी पर्यटकों की संख्या
मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या में इस माह 60 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की जा रही है। वीकेंड में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जाती थी, लेकिन इस महीने पर्यटकों की संख्या कम है। हर रोज मनाली पहुंचने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या 3,000 से घटकर 700 से 800 रह गई है।