न्यूली (कुल्लू)। आजादी के 75 साल बाद जिला कुल्लू की दुर्गम पंचायत शैंशर के लिए निगम की बस सेवा शुरू हो गई है। रविवार को स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क से शैंशर व देहुरीधार पंचायत के करीब 2500 लोगों को लाभ मिलेगा।
हालांकि इस सड़क का ट्रायल छह माह पूर्व कर दिया है। बस सेवा शुरू करने को लेकर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा है। रविवार को बस शुरू होने से देहुरीधार व शैंशर पंचायत के लोगों को बड़ी राहत मिलेेगी। इन पंचायतों के दुर्गम इलाकों के लोगों को अब मरीजों को चारपाई व कुर्सी पर उठाकर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बस से दो पंचायतों के दर्जनों गांवों, स्कूल व कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब 10 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल नहीं पहुंचना पड़ेगा। लोगों को टैक्सी में भारी भरकम किराया देने से छुटकारा मिलेगा। शैशर पंचायत की प्रधान मथरा देवी, उप प्रधान रोशन लाल, देहुरीधार पंचायत के प्रधान भगत राम व उपप्रधान हेमराज ने बस सेवा शुरू करने के लिए विधायक व प्रशासन का आभार जताया है। कहा कि लोगों को बस सेवा शुरू होने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है।