एनएचपीसी के प्रोजेक्ट प्रबंधन ने मार्ग बहाली के लिए उपलब्ध करवाई थी जेसीबी
लोगों ने किया प्रबंधन का धन्यवाद, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। घाटी का बकशाहल गांव सड़क से जुड़ गया है। इस गांव को जाने वाली सड़क एक महीने से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद थी लेकिन एनएचपीसी प्रोजेक्ट चरण तीन के प्रबंधन ने इस मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी उपलब्ध करवाई थी।
करीब चार दिनों में मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके चलते क्षेत्र के स्कूल और कॉलेज के बच्चों के साथ आम जनता को भी आने-जाने में आसानी हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। मार्ग बहाल करने के लिए सैंज वैली विकास समिति के अध्यक्ष बुध राम सहित ग्रामीण और स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों ने आभार जताया है। बुधराम ने बताया कि उन्होंने एनएचपीसी से मार्ग को बहाल करने के लिए सहयोग मांगा था और लोगों की समस्या को देखते हुए प्रबंधन ने जेसीबी उपलब्ध करवाई थी। इसके माध्यम से सैंज कॉलेज से लेकर बकशाहल तक की सड़क को बहाल कर दिया है।