लोगों को जागरूक करने के लिए बनाए जाएंगे कोटपा कानून से संबंधित टीजर
महिला और युवक मंडलों के सहयोग से नशे की चेन तोड़ने पर बनेगी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला प्रशासन नशे के बढ़ते चलन को देखते हुए कोटपा कानून से संबंधित टीजर बनाकर जनता को जागरूक करेगा। इसमें युवक और महिला मंडलों का भी सहयोग लिया जाएगा।
वीडियो के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही ललकार अभियान के तहत ड्रग्ज सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए भी प्रशासन रणनीति बनाने में जुट गया है।
प्रदेश में नशे के खात्मे को लेकर चलाए जा रहे पांच अभियानों को आधार बनाकर जिले में योजना बनाई जा रही है। प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के निशाने पर स्कूलों के साथ पर्यटन इकाइयां भी शामिल रहेंगी, जिन पर पुलिस और प्रशासन की नजर रहेगी।
निगरानी में रहेंगे होटल, होमस्टे और केमिस्ट शॉप
नशे को रोकने के लिए होटल, होम स्टे, केमिस्ट शॉप, स्नूकर, टैक्सी स्टेंड, राफ्टिंग स्थल जिला प्रशासन की निगरानी में रहेंगे। स्कूल और पर्यटन इकाइयों पर भी प्रशासन का पूरा फोकस रहेगा। इन स्थानों में पुलिस और प्रशासन की ओर से नशे को रोकने संबंधी संकेतक भी लगाए जाएंगे।
जंगल के रास्तों पर ड्रोन से रखी जाएगी नजर
जंगल क्षेत्र में भांग की खेती को रोकने के लिए भी योजना बनाई गई है। डीसी कुल्लू ने भी वन विभाग को आदेश जारी कर दिया है कि विभाग जंगल की ओर जाने वाले रास्तों में चैक पोस्ट स्थापित करे, जिससे जंगल में आने-जाने वालों पर नजर रखी जाए। भांग की खेती का पता लगाने को लेकर ड्रोन के माध्यम से नजर रखे जाने की तैयारी की जा रही है।
जिले में नशे को रोकने के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग पीटीए की बैठकों में कोटपा कानून और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर वीडियो क्लिप दिखाए। इस संदर्भ में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और निजी विद्यालयों के अध्यापकों को प्रशिक्षित किया गया है। - तोरुल एस रवीश, उपायुक्त, कुल्लू