प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
सुरक्षा व्यवस्था को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश
.......................
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अक्तूबर के पहले सप्ताह में अटल टनल रोहतांग दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा डीजीआरई मनाली, सीमा सड़क संगठन और दूरसंचार विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संचार, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी व तत्परता से पूरा करने को कहा। साथ ही राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्था में कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस., उपमंडलाधिकारी मनाली गुंजीत सिंह चीमा, सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद