कुल्लू कालेज में मागों को लेकर प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौपतें एबीवीपी के कार्यकर्ता।-संवाद
कुल्लू कॉलेज में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
छात्र नेताओं ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
उन्होंने सरकार से विद्यार्थियों की समस्याओं को हल करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र भी भेजा। इकाई के अध्यक्ष अभिनव कश्यप ने कहा कि छात्रों के अधिकारों को अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कुल्लू इकाई सोशल मीडिया सह संयोजिका रिया ठाकुर ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। सरकार से समस्याओं के तुरंत समाधान की मांग। चेताया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के बाद प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में विद्यार्थियों की मांगों को पूरा करने का आग्रह किया है। इन मांगों में प्रदेश में छात्र संघ चुनाव तुरंत बहाल करना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को शीघ्र लागू करना, शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त पदों को तुरंत भरना, एसपीयू मंडी के साथ भेदभाव को समाप्त करना शामिल है। महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में मूलभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ छात्रों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और आपदा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।