ढालपुर में रैली निकाल जताया रोष, जांच की उठाई मांग
मनाली में युवती की मौत मामले में कुल्लू पुलिस से मांगा जवाब
.........
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बंगाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से जिला पुस्तकालय, लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र, ढालपुर चौक होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रोष रैली निकाली। कोलकाता में महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या मामले में उचित कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। वहीं, मनाली की 21 वर्षीय युवती की हत्या मामले में भी कुल्लू पुलिस से जवाब मांगा।
एबीवीपी के जिला संयोजक ऋषभ ठाकुर ने कहा कि कोलकाता में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या मामले में बंगाल सरकार अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए जाएं, ताकि महिलाएं सुरक्षित होकर अपने कार्यस्थल पर कार्य कर सकें। सचिव रितिका ने कहा कि जिले के मनाली में युवती की मौत का मामला सामने आया है लेकिन अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। कुल्लू पुलिस इस मामले में क्यों तेजी नहीं ला पा रही है, इसका भी जवाब आम जनता को देना होगा। संवाद