लारजी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय सैंज में वीरवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विद्यार्थियों की समस्याओं के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया। महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विद्यार्थियों के हस्ताक्षर करवाए गए। एबीवीपी ने मांग उठाई कि महाविद्यालय के अस्थायी परिसर की मरम्मत के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध करवाई जाए।
प्राध्यापकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इकाई अध्यक्ष उर्मिला ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद करती है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए तो एबीवीपी कार्यकर्ता विद्यार्थियों के हित में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। संवाद