अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कुल्लू इकाई ने सोमवार को संजोली कॉलेज के प्राचार्य जेसी नेगी का पुतला फूंका। इस दौरान परिषद के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार तथा संजोली कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रा के साथ हुए दुर्व्यवहार के दोषियों को सजा दिलाने के लिए कार्यकर्ता अनशन पर बैठे थे लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती उठवाया। यह घटना प्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन और संजोली कॉलेज पर सवालिया निशान खड़ा करती है।
पुलिस दिन के उजाले में भी कार्यकर्ताओं से बात कर सकती थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इतना ही नहीं, कॉलेज प्रशासन निष्कासन के बाद भी कार्यकर्ताओं पर केस वापस लेने के लिए डराया धमकाया जा रहा है। छात्र नेता महेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों की दमनकारी नीति को जल्द छोड़ दे अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। कॉलेज में एक जांच कमेटी गठित कर सचाई जनता के सामने लाई जाए। विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि इस घटना के दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान काफी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।