कुल्लू। शहर में ढालपुर से लेकर भुंतर तक बिजली के खंभों पर इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों की ओर से बेतरतीब ढंग से बिछाए गए तार हादसों की वजह बन सकते हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभे तारों के मकड़जाल में पूरी तरह घिर चुके हैं।
इससे न केवल व्यवस्था अव्यवस्थित हुई है बल्कि शॉर्ट सर्किट और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। गांधीनगर क्षेत्र में बिजली बोर्ड के एक खंभे पर लगे फ्यूज बॉक्स के आसपास बड़ी संख्या में इंटरनेट के तार लपेटे गए हैं।
इतना ही नहीं, फ्यूज बॉक्स में निर्धारित फ्यूज की जगह मोटे लोहे के तार लगाए गए हैं, जिससे तकनीकी खराबी की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी दलीप राम, शिव कुमार, पवन देव, मानचंद, सतीश शर्मा और राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांधीनगर सहित कई स्थानों पर बिजली के खंभों पर इंटरनेट कंपनियों के तार अव्यवस्थित तरीके से लटकी हुई हैं। कई फ्यूज बॉक्स भी खुले पड़े हैं, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है। उन्होंने बिजली बोर्ड से इन केबलों को व्यवस्थित करने और खराब फ्यूज बॉक्स को शीघ्र बदलने की मांग की है।
बिजली बोर्ड के एसडीओ अक्षय सूद ने बताया कि विश्व बैंक की ओर से संचालित 24×7 स्मार्ट टेक्नोलॉजी योजना के तहत शहर के सभी खुले फ्यूज बॉक्स बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद कुल्लू क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से नए और सुरक्षित फ्यूज बॉक्स लगाए जा रहे हैं।