वीकेंड पर अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल में जुटी पर्यटकों की भीड़
कुठ बिहाल बना स्नो पॉइंट, स्कीइंग, ट्यूब स्लाइडिंग और बंजी जंपिंग भी कर रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर पर्यटकों की भीड़ लगी है। वीकेंड पर रविवार को हजारों पर्यटक पहुंचे। जिला प्रशासन ने भी पर्यटकों के लिए कुठ बिहाल तक आने की अनुमति दी है। ऐसे में सैलानी बर्फ की मोटी चादर पर अठखेलियां कर रहे हैं। पर्यटकों के लिए कुठ बिहाल स्नो पॉइंट बना हुआ है।
उधर, सिस्सू के नर्सरी में भी पर्यटकों का पहुंचना जारी है। लाहौल पहुंचकर चारों ओर बर्फ के दीदार हो रहे हैं। मार्च में घाटी सहित अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल में भी भारी बर्फबारी हुई थी। इसके चलते धुंधी, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल, तेलिंग नाला, नर्सरी के साथ अब नया स्नो पॉइंट कुठ बिहाल बन गया है। पर्यटक एक ही दिन में अटल टनल का दीदार करने के साथ चार जगह साहसिक खेल जिप लाइन, एडवेंचर बाइक राइड, जोरबिंग बाल, यॉक राइड, स्कीइंग, ट्यूब स्लाइडिंग सहित बंजी जंपिंग का आनंद ले रहे हैं।
चार जगह स्नो पॉइंट के चलते पर्यटकों की खुशी दोगुना हो गई है। पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। पर्यटन कारोबारी सोनम, यंगजोम, दीपक, छेरिंग, दीवान और राज ने बताया कि वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कारोबार भी अच्छा हो रहा है। कहा कि आने वाले पर्यटन सीजन में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।