भुंतर क्षेत्र की घटना, जोरदार धमाके से घर में अंदर की दीवार टूटी, अन्य में आईं दरारें
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गंभीर घायल पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स बिलासपुर रेफर
पुलिस ने शुरू की जांच, प्रारंभिक तौर पर गैस सिलिंडर में रिसाव माना जा रहा है कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। भुंतर के समीप खोखन सड़क में एक घर में शुक्रवार देर रात को जोरदार धमाका हुआ। धमाके में महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। पांच अन्य को भी हल्की चोटें आई हैं।
धमाका इतना जोरदार था कि घर के अंदर की दीवार टूटने के साथ अन्य में दरारें आ गई हैं। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले।
इसके बाद लोगों ने मौके पर पहुंचकर पाया कि धमाका भुंतर खोखन रोड में राकेश कुमार के घर में हुआ है। इस घर में किरायेदार जुबेर की पत्नी और उनके तीन बच्चे, नरपत और उनकी पत्नी व बेटी और एक बैंक कर्मचारी रहते हैं। वह छुट्टी पर घर गए थे। घटना के समय बैंक कर्मचारी घर पर नहीं था। हादसे में पांच साल की मायरा, पुत्री जुबेर अहमद, निवासी उत्तर प्रदेश और धनवंती 49 गांव सोहट, तहसील जरी, जिला कुल्लू को अधिक चोटें आई हैं। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में लाया गया। यहां से मायरा को डॉक्टरों ने एम्स बिलासपुर और धनवंती को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम डीएसपी हेडक्वार्टर की अगुवाई में मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि, शुरुआती जांच में पाया गया कि सिलिंडर की गैस का रिसाव होने से यह धमाका हुआ है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद लोगों में इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।