मनाली (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे तीन पर बिंदु ढांक के पास बही सड़क को अब नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए पहले नदी का रुख मोड़ा जा रहा है। नदी का रुख मोड़कर यहां आरसीसी क़ी दीवार लगाकर सड़क चौड़ी की जाएगी। एनएचएआई ने इसका कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा नदी में ड्रेजिंग कर लोगों की जमीन भी बचाई जाएगी।
गौरतलब है कि बीते माह भारी बारिश के बाद ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से बिंदु ढांक में हाईवे तीन का एक बड़ा हिस्सा बाढ़ में बह गया था। दो दिन यहां पर यातायात भी बंद रहा। इस सड़क को पत्थर और मलबा भरकर फिलहाल एकतरफा यातायात के लिए खोला गया है। इस वजह से यहां पर वाहनों को बारी-बारी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में दोनों तरफ सड़क पर वाहनों की लाइनें भी लग रही है।
बरसात हटने पर 15 सितंबर के बाद पर्यटकों कि संख्या बढ़ने के बाद यहां दिक्कतें और भी बढ़ सकती है। लिहाजा, सड़क को डबललेन बनाने के लिए पहले नदी का रुख मोड़ना जरूरी है। इसके बाद ही सुरक्षा दीवार का कार्य हो सकेगा। ऐसे में एनएचएआई ने नदी का रुख मोड़ने के लिए ड्रेजिंग का कार्य शुरू कर दिया है। जेसीबी और एलएनटी लगाकर मलबे को नदी तट पर एकत्रित किया जा रहा है। ड्रेजिंग का कार्य पूरा होने और नदी के जलस्तर में कमी होने के बाद सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य होगा।
एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने बताया कि नदी में ड्रेजिंग का कार्य चल रहा है। इससे सुरक्षा दीवार लगाने में आसानी होंगी। इसके अलावा इससे साथ लग रही लोगों कि जमीन भी भूमि कटाव से सुरक्षित रहेगा। नदी में ड्रेजिंग का काम पूरी होने के बाद सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।