क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए तैनात किए जाएंगे 15 अतिरिक्त पुलिस कर्मी
एएसडीएम की अध्यक्षता में हुई जीभी और तीर्थन के कारोबारियों के साथ बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। घाटी के जीभी और तीर्थन घाटी में दिसंबर माह क्रिसमस एवं न्यू ईयर पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया। होटलियरों के साथ हुई बैठक में कई मसलों पर चर्चा की गई।
इस दौरान बिजली बोर्ड ने जिभी क्षेत्र में 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर 15 दिसंबर तक स्थापित करने का आश्वासन दिया है। इससे क्षेत्र में बिजली की कम वोल्टेज समस्या में बड़ा सुधार होगा।
इसके अलावा एनएच-305 के अधिकारियों ने हाईवे पर पड़े मलबे को हटाने के लिए जेसीबी और टिपर लगाने के साथ हाईवे पर पासिंग पॉइंट्स की हालत सुधारने की बात कही है। घाटी में यातायात जाम और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने न्यू ईयर सीजन को ध्यान में रखते हुए 15 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जााएगी। साथ ही घाटी में नियमित पेट्रोलिंग होगी और सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग को रोका जाएगा। जल शक्ति विभाग की ओर से पर्यटन सीजन के दौरान घाटी में पेयजल आपूर्ति को सुचारू एवं मजबूत रखा जाएगा जिससे सैलानियों और आम लोगों को सर्दी में किसी तरह की समस्या न आन पड़े।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ तीर्थन वैली टूरिज्म एसोसिएशन, जीभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन और तांदी इको टूरिज्म के अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।