मनाली। नौकर पर आंखें मूंदकर भरोसा करना दुकानदार को महंगा पड़ा। लंबे अरसे से दुकान में कार्य कर रहे नौकर पर दुकानदार को इतना विश्वास हुआ कि उसने पूरी दुकान उसके हवाले छोड़ दी। मौका पाकर नौकर दुकान का सारा सामान बेचने के बाद करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। यहां तक कि नौकर ने दुकान में रखा टीवी और डीवीडी भी नहीं छोड़ा। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक जम्मू के कंचक के रहने वाले रमन कुमार कई सालों से मनाली में हैंडलूम का शोरूम चला रहे हैं। कारोबार में मदद के लिए जम्मू के ही विकास नगर के रहने वाले दीप उर्फ पप्पू को उन्होंने बतौर हेल्पर रखा था। रमन को पप्पू की ईमानदारी पर पूरा भरोसा था। लेकिन रमन को क्या मालूम कि पप्पू उसे चूना लगाने के लिए किसी मौके की तलाश में बैठा है। दुकान पप्पू के हवाले छोड़कर रमन जम्मू चला गया। वापस लौटकर देखा तो दुकान खाली पड़ी थी। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब वह दुकान पहुंचें तो सामान गायब पाकर उनके होश फाख्ता हो गए। यहां तक कि दुकान में रखा डीवीडी, टीवी और कुछ कंबल भी गायब पाए थे। उन्होंने पुलिस में शिकायत की है कि सारा सामान बेचकर पप्पू वहां से फरार हो गया है। दुकानदार के अनुसार नौकर ने करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बेच कर उससे धोखा किया है। पुलिस ने भादंसं की धारा 406 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि एएसआई दया राम को मामले की जांच की जिम्मेवारी सौंपी गई है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।