कुल्लू। पीपल जातर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने दर्शकों को खूब नचाया। सांस्कृतिक संध्या के स्टार लोक कलाकार नरेंद्र ठाकुर ने एक के बाद एक नाटियां पेशकर लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र की दर्शकदीर्घा में बैठे युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
करनैल राणा और अन्य कलाकारों के लोकगीतों ने भी खूब रंग जमाया। करीब पौने दस बजे नरेंद्र ठाकुर के मंच संभालते ही कला केंद्र की समूची दर्शकदीर्घा झूम उठी। उन्होंने कैंढी लगाई मुहब्बतां गीत से आगाज किया और नाटियों की लड़ी पेश कर करीब पौने घंटे तक दर्शकोें को नचाया। ओ मीनू ओ मीनू तेरी चिट्ठी पतरी आई ना, कौखे चाली नीमा डोलमा, सूरज लागा डूबदा, बोतल फूटी हाय रे नातिया और अन्य लोकगीतों से वाहवाही बटोरी। इससे पहले हिमाचल के जानेमाने लोक कलाकार करनैल राणा ने कांगड़ी गीतों से समां बांधा। होरना पतना इको इक बेड़ी, कैसा लगा गोरिये पहाड़ा दां बसना, कजो नैन मिलाए और मेरे हिकड़ुए गड़बड़ हुई ओ गीत से महफिल में हिमाचली रंग बिखेरे।
सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू वैली स्कूल, नेहा एंड पार्टी, विक्रम म्यूजिकल ग्रुप, राज म्यूजिकल ग्रुप, बौद्ध म्यूजिकल, परस राम, युवक मंडल बड़ाग्रां, फुंगणी म्यूजिकल, पांचाली म्यूजिकल, प्रताप म्यूजिकल, सैंडी म्यूजिकल, विशाखा म्यूजिकल, यशवंत म्यूजिकल, दीप म्यूजिकल, पवन कुमार, नाग म्यूजिकल, देवांशी, सुनील, खुशबू भारद्वाज, रंजना सकलानी, सुखदास मुलिंग्पा एंड पार्टी, कुल्लू वैली यूथ बादशाह डासिंग, दीप म्यूजिकल हमीरपुर, टिंकू, जमादग्नि म्यूजिकल ग्रुप, जीवन लता, मीनाक्षी एंड पार्टी, रीना म्यूजिकल ग्रुप, लक्ष्य द बैंड, शिवा सांस्कृतिक दल, गौरा एंड पार्टी, सुर संगम म्यूजिकल ग्रुप, सूत्रधार कला संगम, महेश शर्मा, तेजेंद्र भारद्वाज, गूंजन कला मंच, झंकार बीट्स, डीके म्यूजिकल ग्रुप, बहस नाट्य कला मंच, रूपासना म्यूजिकल, अनुपम और भोला राम म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी।
इससे पहले सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि एसडीएम विनय धीमान ने बसंतोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार बांटे। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं नप कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। साथ ही आयोजन में सहयोग करने वाली संस्थाओं, विभागों और नगर पार्षदों का धन्यवाद किया।