कुल्लू शहर में निशानदेही करेगा नगर परिषद
नप ने निशानदेही के लिए राजस्व विभाग को लिखा पत्र
अखाड़ा बाजार से शुरू होगी प्रक्रिया सभी वार्डों में चलेगी
रोशन ठाकुर
कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू अवैध भवन निर्माण मामले मेें अब शहर में निशानदेही करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर नगर परिषद ने राजस्व विभाग को पत्र लिख दिया है और विभाग ने रिकॉर्ड खंगालने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। नगर परिषद इसकी शुरूआत अपने कार्यालय के साथ सटे अखाड़ा बाजार से शुरू करेगा जिसकी आंच शहर के सभी 11 वार्डों तक जाएगी। ऐसे में शहर में हड़कंप मच गया है। निशानदेही का काम अगले हफ्ते से शुरू हो जाएगा।
जिला मुख्यालय में जगह-जगह अवैध रूप से भवन निर्माण का धंधा तेजी से चल रहा है और रातोंरात निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में नगर परिषद कुल्लू पर शहरवासी सवाल उठाते आए हैं। यहां तक की नगर परिषद के पार्षदों ने भी शहर में हो रहे अवैध भवन निर्माण को लेकर चिंता जताई है। इस संबंध में शहरवासी केवल सिंह, अमित शर्मा, राजेश, रमेश ठाकुर, चुनी लाल, अमन, प्रेम सिंह, मान सिंह तथा टेक सिंह के अनुसार अवैध निर्माण से पूरा ढालपुर शहर सिकुड़ता जा रहा है और लोगों द्वारा टीसीपी के नियमों को उल्लंघन कर कंकरीट के भवनों को निर्माण कर रहे हैं। हाईकोर्ट सख्त हो गया है इसी के चलते शहर के अवैध कब्जों की पहचान की जा रही है।
इस संबंध मेें नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी तेजा सिंह ठाकुर ने कहा कि शहर में निशानदेही की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इसको लेकर राजस्व विभाग को पत्र भेजा गया है। अगले सप्ताह से अखाड़ा बाजार से निशानदेही शुरू की जाएगी।