महंगाई पर अंकुश लगाने में केंद्र नाकाम
सीटू ने बढ़ती महंगाई के विरोध में किया धरना प्रदर्शन
रोजमर्रा की जरूरतों के दामों में लगातार हो रहा इजाफा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सीटू जिला कमेटी ने बुधवार को अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। सीटू कार्यकर्ताओं ने सरवरी से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक एक रैली भी निकाली। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महासचिव राजेश ठाकुर ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों के भाजपा व नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि 100 दिन के अंदर महंगाई की जाएगी। महंगाई को मुद्दा बनाकर भाजपा सत्ता में आई थी लेकिन साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी महंगाई लगातार बढ़ रही है। लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के दामों में इजाफा हो रहा है। जिससे गरीब, मजदूर, किसानों का जीना मुश्किल हो गया है। केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने गरीब आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है।
सीटू के जिलाध्यक्ष भूप सिंह ने कहा कि एक तो केंद्र सरकार ने पहले नोटबंदी कर लोगों का रोजगार छीना और अब जीएसटी लगाकर सरकार ने आम जनता की कमर तोड़ने में लगी है। जबकि पेट्रोल डीजल पर जीएसटी न लगाकर तेल कंपनियों को तेल कीमतें बढ़ाने की खुली छूट दे रखी है। सीटू ने केंद्र सरकार को चेताया है कि महंगाई पर अंकुश लगाए अन्यथा केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस दौरान सुनील ठाकुर, पवन कुमार, चमन, राम चंद, उत्तम, खिमी राम, चमन लाल और चुन्नी लाल आदि मौजूद रहे।