अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल स्पीति)। लाहौलवासियों की लाइफ लाइन और सैलानियों की सैरगाह विश्व विख्यात रोहतांग दर्रा पर मंगलवार को ताजा हिमपात होने से यातायात ठप हो गया है। बीती सोमवार शाम से रोहतांग दर्रे पर भारी बर्फबारी हो रही है। ताजा सूचना के अनुसार मंगलवर शाम तक रोहतांग पर करीब 40 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी हुई है। ऐसे में रोहतांग दर्रा पांच माह तक दोबारा खुलने की संभावना कम हो गई है।
हिमालय क्षेत्र के अन्य भागों पीर पंजाल, सीबी रेंज, कुंजम, बारालाचा और शिगरी ग्लेशियर में बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा भी पांच महीने के लिए बंद हो गया है। कोकसर और सिस्सू में 15 और 12 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। अब लाहौलियों को हेलीकॉप्टर का इंतजार रहेगा। लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जनजाति के पूर्व उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने सरकार से जल्द हवाई सेवा बहाल करने की मांग की है।