अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विंटर कार्निवाल के दौरान मनाली में चार हजार लोगों की ओर से एक साथ गाए जाने वाले राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम कार्यक्रम के आयोजन को लेकर रविवार को मनाली में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनाली रमन घरसंघी ने की।
कार्यक्रम का जिम्मा जिले की विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवियों के कंधों पर रहेगा। इसके लिए जिले के 120 स्वयंसेवियों की टीम बनाई गई है। 2 जनवरी 2018 को होने वाले वंदेमातरम की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में राजकीय महाविद्यालय हरिपुर, कुल्लू के रोवर रेंजर्स, ईको क्लब, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी मौजूद रहे। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि स्वयंसेवियों के सहयोग से भव्य राष्ट्र गीत का सपना पूरा होगा। इस वर्ष प्रशासन व शरदोत्सव कमेटी 2 जनवरी को मालरोड पर भव्य वंदेमातरम गीत का आयोजन करने जा रही है। इसमें पूरे जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं, नेहरू युवा केंद्र कुल्लू के 4000 स्वयंसेवी एक साथ वंदेमातरम गीत गाएंगे। प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष वर्षा ठाकुर ने कहा कि राष्ट्र के लिए इस तरह की पहल सराहनीय है। स्वयंसेवी व शरदोत्सव कमेटी सदस्य बीजू व सुमित ने समूहों को इस संबंध में दिशानिर्देश भी दिए। बीजू ने कहा कि स्वयंसेवियों की जिम्मेदारी तय की गई और कार्यक्रम के लिए अभ्यास भी करवाया गया।