दशहरा में फूड स्टाल में पकड़े 13 घरेलू गैस सिलिंडर
खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने मारा छापा, मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। दशहरा उत्सव में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करने पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने शिकंजा कस दिया है। इसके लिए विभाग की टीमें नजर रखे हुए हैं। रविवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की अगवाई में टीम ने दशहरा क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर छापामारी की। इस दौरान जब टीम दशहरा में लगे फूड स्टाल में पहुंची तो यहां 13 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए। विभाग की टीम ने एक के बाद एक कई स्टालों में दबिश दी। जिससे स्टॉल संचालकों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान विभाग ने 13 सिलिंडरों को जब्त किया है। जिला
खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरोत्तम सिंह ने कहा कि दशहरा में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग करने को लेकर विभाग की टीम ने छापामारी की। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक गतिविधियों में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभाग की टीम इसी तरह से छापामारी करेगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।