भुंतर से कुल्लू जांचे 40 होटल, कइयों में खामियां
खामियां पाए जाने पर जांचे गए 16 होटलों को नोटिस
एनजीटी के आदेश पर दूसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई
कमेटी के निरीक्षण पर होटल कारोबारियों में मचा रहा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर शनिवार को गठित कमेटी ने भुंतर से कुल्लू तक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत 40 से अधिक होटलों में निरीक्षण किया। वहीं, शुक्रवार को जांच के दौरान 16 होटलों में खामियां पाई गईं हैं। जिन्हें संबंधित विभागों की ओर से नोटिस भेजे गए। सख्त कार्रवाई से होटल कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कमेटी के चेयरमैन व एसडीएम सदर सन्नी शर्मा की अध्यक्षता में टीम ने भुंतर से कुल्लू तक सभी होटलों में निरीक्षण किया। इस दौरान कई होटलों में खामियां सामने आई हैं। दूसरे दिन शनिवार को दिनभर होटलों में निरीक्षण चलता रहा। संबंधित विभागों के सदस्यों ने अपने-अपने विभाग से जुड़े दस्तावेज खंगाले। इस दौरान कई होटल संचालक और मालिक आवश्यक दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहे। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर इन दिनों कुल्लू जिला के कुल्लू व मनाली उपमंडल में निरीक्षण कर दस्तावेज जांचे जा रहे हैं। जिसमें पर्यटन विभाग में पंजीकरण, प्रदूषण बोर्ड की एनओसी, कूड़ा कचरा निष्पादन, आबकारी विभाग समेत अन्य आवश्यक चीजें चेक की जा रही हैं।
इधर, कमेटी के चेयरमैन व एसडीएम सदर सन्नी शर्मा ने बताया कि एनजीटी के आदेश पर होटलों का निरीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को 40 से अधिक से होटलों में निरीक्षण किया है। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान कुछ होटलों में खामियां सामने आई थीं। उन्हें नोटिस भेजे गए हैं। भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।
सभी होटलों और अन्य का हो रहा निरीक्षण
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने 25 से अधिक कमरों वाले होटलों का निरीक्षण प्राथमिकता के आधार पर करने के आदेश दिए हैं। कुल्लू उपमंडल में अभियान के तहत सभी छोटे-बड़े होटलों का निरीक्षण किया जा रहा है। चरणबद्घ तरीके से रोजाना कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।