ढालपुर में उत्सव के नाम पर लूटे जा रहे ग्राहक
खाने-पीने से लेकर पार्किंग के वसूले जा रहे मनमाने दाम
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। ढालपुर में सजी अस्थायी मार्केट में इन दिनों ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला के लोग मेले में सामान खरीदने के लिए आ रहे हैं। वहीं, ग्राहकों से खाने पीने के सामान से लेकर पार्किंग के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
इस पर बुद्धिजीवियों ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस तरह से ग्राहकों को लूटने से कुल्लू घाटी की छवि पर असर पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कुल्लू शहर की पार्किंग में एक वाहन को पार्क करने के 40 रुपये लिए जाते थे। जो अब सीधे 100 रुपये हो गए हैं। इसके अलावा खाने पीने की चीजों पर भी दशहरे में अलग रेट थे, अब अलग दाम वसूले जा रहे हैं। शहरवासी प्रेम चंद, कमला, अंजली, राम प्रकाश, सुरु चि, कर्मचंद, पार्वती, रामदेई, सोभा राम, संजू, जगरूप सिंह, देशराज, हरदयाल सिंह, प्रदीप ठाकुर, जगदीश कुमार और ओंकार सिंह ने कहा कि ढालपुर में लोगों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। प्रशासन को इसकी कानों कान खबर नहीं है। उत्सव के नाम पर ढालपुर में लूट मची हुई है। मनमाने दाम वूसलने से लोगों पर इसका असर पड़ ही रहा है। बल्कि पर्यटकों में कुल्लू की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को दुकानों में जाकर निरीक्षण करना चाहिए। यहां बेची जानी वाली वस्तुओं की रेट लिस्ट चेक करनी चाहिए। जो भी दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाए।