अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हाईकोर्ट के आदेश पर पार्वती वैली के कसोल में कुछ होटलों की सील खोलने की तैयारी चल रही है। प्रशासन की ओर से औपचारिकता पूरी करने वाले सील लगे होटलों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने होटल व रेस्तरां चलाने संबंधी दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। ऐसे में होटल मालिकों को भी राहत मिल सकेगी। हालांकि होटलों में सील लगने से इस बार पार्वती घाटी में पर्यटन कारोबार चौपट हुआ है।
हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन से तीन दर्जन से अधिक होटलों पर सील लगा दी थी। होटलों व रेस्तरां में वन विभाग, आईपीएच, टीसीपी, प्रदूषण बोर्ड आदि ने कई खामियां पाई थी। सील हुए 36 होटलों में कुछ होटल मालिकों ने औपचारिकताओं को अब पूरा कर लिया है। जल्द ही औपचारिकता पूरी करने वाले होटल खोले जाने की तैयारी चल रही है। इसी माह कसोल में सील लगे कुछ होटलों को फिर से कारोबार के लिए शुरू कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इन दिनों होटलों में पाई गई खामियों को दूर करने के लिए होटल संचालक विभागों के चक्कर काट रहे हैं। विभिन्न विभागों से होटलों संबंधी कागजी प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। दस्तावेज पूरे करने के बाद प्रशासन को इसकी रिपोर्ट दी जा रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर कसोल में सील लगे कुछ होटलों को खोलने की तैयारी है। कुछ होटल संचालकों ने औपचारिकता पूरी कर प्रशासन को रिपोर्ट दे दी है। अब इन होटलों को खोला जाएगा। सिर्फ दस्तावेज पूरे करने वाले होटल ही बहाल होंगे।
-डॉ. अमित गुलेरिया,
एसडीएम सदर