कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति के 52 शिक्षकों ने एआई की आधुनिक तकनीक को सीखा। इसके लिए स्टेम पायलट प्रोजेक्ट के तहत चयनित विद्यालयों में तैनात विज्ञान और गणित के अध्यापकों के लिए स्टेम शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में स्टेम पीडिया कंपनी से आए मास्टर ट्रेनरों ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
गौर रहे कि प्रदेश के विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्टेम (विज्ञान, प्रोद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) विषयों में रुचि लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कम उम्र में ही उनमें तार्किक सोच, सहयोग और जिज्ञासा जैसे महत्वपूर्ण कौशल को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया है, जो अब अपने संबंधित विद्यालयों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रचनात्कता के कार्य करना भी सिखाएंगे। विद्यार्थियों को भविष्य में तकनीकी क्षेत्रों में सफलता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, रोबोटिक व एआर तकनीक आदि सिखाई जाएगी। इस संबंध में जिला शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता), प्रारंभिक शिक्षा एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा डॉ. सुनील दत्त ने बताया कि शिक्षा में नवाचार और क्रिएटिविटी को बढ़ाने के उद्देश्य से यह स्टेम पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसके तहत दो जिला कुल्लू व लाहौल के 52 शिक्षकों को डाइट में विशेष प्रशिक्षण दिया।