अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शातिरों के निशाने पर एक बार फिर कुल्लू घाटी के बेरोजगार युवा हैं। ये कंपनियां युवाओं को दो महीने में लखपति बनाने का लालच देकर ठगी कर रही हैं। सोशल मीडिया पर यह मेसेज वायरल किया जा रहा है। इसे व्हाटस ग्रुपों में शेयर भी किया जा रहा है। युवाओं को ठगे जाने के बाद पता चल रहा है।
कुल्लू शहर तथा इसके आसपास लगते क्षेत्रो में कुछ कंपनियां बेरोजगार युवाओं को दो महीने में लखपति बनाने के बहाने ठग रही। यह चिट फंड टाइप कंपनी अपने कुछ नुमाइंदों के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को गाड़ी, विदेश यात्रा, फ्लेट आदि का सपना दिखाकर पांच से दस हजार तक का पैसा किसी प्लान में लगाने की बात करती हैं। बेरोजगार व्यक्तियों को ओर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की बात की जाती है। जितने ज्यादा लोगों को जोड़ा जाएगा, आपको उतना अधिक पैसा मिलेगा। इसके बाद यह बताया जाता है कि आप डायमंड बनेंगे, एमराल्ड बनेंगे, थाईलैंड, मलेशिया जाएंगे आदि का प्रलोभन दिया जा रहा है। कभी-कभी रविवार को मीटिंग भी की जाती है। इसमें अचीवर्स को गोल्ड मेडल भी मिलते हैं। बेरोजगार युवा घर पर झूठ बोलकर, पैैसे उधार लेकर के इन चिट फंड के नुमाइंदों को दे रहे हैं। बाद में उन्हें मालूम पड़ता है कि उन्हें पैसा तब तक वापस नहीं मिलेगा, जब तक वो चार लोग अपने साथ नहीं जोड़ेंगे। इस तरह से इस व्यापार में बेरोजगारों को ठगा जा रहा है। उधर, इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि अभी इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। फिर ऐसा है तो इस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।