अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे की खस्ताहाल को लेकर ऊझी घाटी की तीन पंचायतों-कटराईं, दुआड़ा और हलाण द्वितीय के लोग उग्र हो गए हैं। एनएचआईए के तहत फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी को लिखित में अल्टीमेटम दिया है कि यदि दो दिन में रोड की टारिंग और सड़क के किनारे नालियां बनाने का काम शुरू नहीं हुआ तो वे फोरलेन का काम रोककर चक्का जाम कर देंगे।
पतलीकूहल व्यापार मंडल के सदस्य चंद्र प्रकाश, शिव कुमार, वीरेंद्र अवस्थी, सोनू बहल, वोल्वो यूनियन के अध्यक्ष लाजवंति शर्मा, राजीव ठाकुर, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र भाला, वीर सिंह ठाकुर, घनश्याम कपूर, कुल्लू फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष राजगीर महंत ने कहा कि नेशनल हाईवे पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। पतलीकूहल बाजार से सटे बड़ाग्रां पुल से लेकर कटराईं-दवाड़ा से डोभी पुल तक सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लेकिन बार-बार आग्रह करने के बावजूद शासन-प्रशासन समेत एनएचआईए इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। लिहाजा मसले को लेकर हुई बैठक के बाद फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारियों से मिले और उन्हें लिखित में अपना पक्ष बताया। इसमें दो टूक कहा गया कि यदि दो दिन में सड़क की दशा सुधारने को कारगर कदम नहीं उठाया जाता तो वे फोरलेन का काम रोक देंगे। कंपनी के ओम प्रकाश ने कहा कि सड़क का काम जल्द शुरू किया जाएगा। लोगों ने एसडीएम मनाली रमन घरसंघी से भी मुलाकात की है। उन्होंने समस्या के समाधान की बात कही है।