कुल्लू। जिला कुल्लू में मूसलाधार बारिश से पांच दिनों तक आम जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। दो दिनों से मौसम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। भारी बारिश से ठप पड़े बिजली के 50 ट्रांसफार्मर को बोर्ड ने रिस्टोर कर राहत पहुंचाई है।
बारिश से बिजली के पोल व तार टूटने से लोगों को अंधेेेरे में रहना पड़ रहा था। बिजली बोर्ड ने बारिश व तेज धूप के बीच बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया है। भूस्खलन व डंगों के ढहने से बंद लोनिवि की 20 सड़कों में से 16 को पूरी तरह से बहाल कर दिया है और इन संपर्क मार्गों पर बसों के साथ छोटे वाहन भी दौड़ने लगे हैं। इन दिनों जिले में फल व सब्जियों का सीजन चला है। इसको लेकर लोनिवि ने भी बंद सड़कों को खोलने के लिए सड़कों पर अतिरिक्त मशीनरी के साथ मजदूरों की संख्या को भी बढ़ा दिया है। हालांकि बंद चल रहे चार मार्गों को लोनिवि ने जल्द बहाल करने का दावा किया है। हालांकि जिले में अभी 38 पेयजल स्कीमों को बहाल करना बाकी है। जलशक्ति विभाग ने करीब 60 योजनाओं को सुचारु किया है। जिले की सैंज, बंजार तथा ऊझी घाटी के कई इलाकों में लोगों को पेयजल को लेकर परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण निका राम, केवल राम, हरि राम, प्रकाश चंद, सुरेश कुमार तथा मेहर चंद ने कहा कि बारिश से उनके गांव को जोड़ने वाली पेयजल स्कीम प्रभावित हो गई हैं। नाले में जलस्तर बढ़ने से नलकों में पानी नहीं आ रहा है। उधर, जलशक्ति विभाग के अधीक्षक अभियंता केआर कुल्लवी ने कहा कि विभाग को बरसात से करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है। कई स्कीमों को नुकसान पहुंचा है, जिन्हें दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। उधर, लोनिवि कुल्लू के अधीक्षक अभियंता केके शर्मा ने कहा कि कुछ सड़कों को छोड़कर सभी संपर्क मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। विभाग ने बरसात को देखते हुए न केवल मशीनरी तैनात की है, बल्कि अतिरिक्त मजदूरों को भी लगाया है।