कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर में कॉलेज गेट से वाया अस्पताल रोड पर बनाई गई निकासी नालियां एक माह में ही ब्लॉक हो गई हैं। इनसे बारिश के पानी की निकासी नहीं हो रही है। ऐसे में इन निकास नालियों के कारण सड़क पर पानी रुकने से तालाब बन रहा है। बारिश के अलावा यहां साफ मौसम में भी पानी एकत्रित होने लगा है।
शहरवासियों ने सड़क की निकासी नालियां का उचित निर्माण न करने पर सवाल उठाए हैं। अक्तूबर माह में जिला प्रशासन की मदद से दशहरा उत्सव को देखते हुए शहर की सड़कों की टारिंग व निकासी नाली के निर्माण के लिए लाखों रुपये जारी किए थे। इसमें लोनिवि ने कॉलेज गेट से क्षेत्रीय अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क के किनारे निकासी नालियों का निर्माण किया। रोड समतल होने से यहां अमूमन बारिश का पानी जमकर तालाब बन जाता है। इससे यहां वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशान होना पड़ता था। लेकिन अब प्रशासन व लोनिवि ने यहां निकासी नालियां तो बना दी पर ये ब्लॉक होने से हालात जस के तस बने हैं। बारिश होने पर पूरी सड़क पानी से तालाब की तरह लबालब हो जाती है। शहरवासी राजेंद्र चौधरी, तिलक राज, रमेश चंद, बिहारी लाल, प्रताप सिंह, दलीप चंद, केसर सिंह, चमन लाल, राकेश शर्मा, शेर सिंह, प्रकाश चंद, अनिल कुमार, तेज राम तथा भादर सिंह ने कहा कि सड़क के दोनों ओर बनी निकासी नालियां जनता के लिए और भी आफत बन गई हैं। निकासी नाली का उचित रखरखाव न होने से पानी सड़क पर एकत्रित हो जाता है, जो एक हफ्ते तक तालाब बना रहता है। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग से होकर प्रशासन के आला अधिकारी के साथ लोनिवि के अधिकारी अपने कार्यालय के लिए आते जाते हैं। लेकिन इस बदहाली पर किसी का भी ध्यान नहीं गया है। इससे विद्यार्थियों, अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। शहर के लोगों का कहना है कि प्रशासन व लोनिवि इस समस्या को जल्द दूर करे।
दशहरा के समय लोनिवि ने सड़क के दोनों ओर निकासी नालियों को निर्माण किया है। लेकिन लोगों ने नालियों में पत्थर फेंक रखे हैं। इसको लेकर ठेकेदार से रिपोर्ट ली जाएगी। जल्द ही इसकी मरम्मत की जाएगी।
-केके शर्मा अधिशासी अभियंता, लोनिवि कुल्लू