सोशल मीडिया में लापरवाही घातक
सुल्तानपुर स्कूल मेें एसपी ने छात्रों को किया जागरूक
कहा-सोशन मीडिया के इस्तेमाल में बरतें सावधानी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर में बुधवार को साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रार्थना सभा में एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बच्चों को जागरूक किया।
इस अवसर पर एसपी शालिनी ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय लापरवाही घातक हो सकती है। इसे सुरक्षित तरीके से चलाना जरूरी है। सोशल मीडिया में बातचीत से पहले सामने की पहचान का पता करना जरूरी है। जिससे बाद में दिक्कत पेश न आए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से हो रही ठगी के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और बच्चों को जागरूक किया। सोशल मीडिया या ई मेल में नौकरी, लॉटरी के मेसेज के झांसे में न आएं। सोशल मीडिया में सोच समझ कर ही अपडेट डालें अन्यथा यह आपको दिक्कतें डाल सकते हैं। इससे चोरी डकैती समेत अन्य घटनाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने एटीएम ठगी, गुड़िया हेल्पलाइन और शक्ति बटन की भी विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद एसपी शालिनी ने सहभागिता हमारी और आपकी कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत शिलानाल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बागन में शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया। सुल्तानपुर कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रविंद्र, प्रशिक्षु अध्यापक आशीष, अवनेश, ललिता, सोनिया, मनीषा, आयुषी, शीतल, ममता, मंजू, तेजिंद्र, अंजलि और अन्य मौजूद रहे। बागन में डॉ लाल सिंह, बीजू, रंजना, ग्राम पंचायत शिलीनाल प्रधान शकुंतला ठाकुर, वीर सिंह और सेस राम समेत अन्य मौजूद रहे।