नोहांडा व शिल्ली पंचायत भवन
में ताला, पंचायत सचिव गायब
मशियार में पंचायत सचिव और तुंग में तकनीकी सहायक नदारद
बीडीओ बंजार ने किया औचक निरीक्षण, गायब मिले सचिव
तीनों पंचायत के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। बंजार उपमंडल की पंचायत नोहांडा, मशियार और शिल्ली में वीरवार को पंचायत सचिव ड्यूटी के दौरान कार्यालय से नदारद पाए गए। औचक निरीक्षण के दौरान नोहांडा और शिल्ली पंचायत भवन में ताला लटका हुआ पाया गया। वहीं तुंग पंचायत में तकनीकी सहायक गायब मिला। बीडीओ बंजार लोतम राम ठाकुर के इस औचक निरीक्षण अभियान में यह खुलासा हुआ। बीडीओ की दबिश की सूचना से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 10.40 बीडीओ बंजार लोतम राम ठाकुर नोहांडा पंचायत पहुंचे। यहां भवन पर ताला लटका हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने तुंग पंचायत में निरीक्षण किया। यहां पंचायत सचिव मौके पर मौजूद मिला। वहीं तकनीकी सहायक नदारद पाया गया। ग्राम रोजगार सेवक छुट्टी पर मिली। इसके बाद बीडीओ मशियार पंचायत पहुंचे। यहां लोग पंचायत भवन के बाहर खड़े हुए मिले। जबकि पंचायत सचिव कार्यालय में मौजूद नहीं थे। शिल्ही पंचायत में बीडीओ को ताला लटका हुआ मिला। बीडीओ ने कारण बताओ नोटिस भेजकर संबंधित कर्मचारियों को जवाबतलब किया है। इस मौके पर एसईवीपीओ धनपत राय और पंचायत निरीक्षक विजय कुमार उपस्थित रहे।
इधर, बीडीओ लोत राम ठाकुर ने कहा कि पंचायत भवन में ड्यूटी के दौरान कुछ कर्मचारी नदारद पाए गए हैं। नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। सभी पंचायतों के सचिवों को आदेश जारी किए हैं कि सभी अपनी पंचायतों में नियमों के अनुसार हाजिरी लगाएं। आमजन के काम को सही तरीके से निपटाएं।
जातिगत भेदभाव को लेकर भी किया निरीक्षण
बीडीओ लोतम राम ठाकुर ने स्कूलों में जातिगत भेदभाव को लेकर भी निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठाहड़ में निरीक्षण किया। उन्होंने मिड डे मील कर्मचारी को भी जागरूक किया।