अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल पर पहुंचे पर्यटक।-संवाद
पर्यटन नगरी मनाली में वीकेंड पर रौनक बरकरार, साहसिक खेलों का उठा रहे आनंद
सैलानी सैर-सपाटे के साथ सोलंगनाला में उठा रहे स्कीइंग और पैराग्लाडिंग का लुत्फ
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। नववर्ष का जश्न मनाने के लिए मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी थी। अब पर्यटकों की संख्या में लगभग 40 फीसदी तक कमी आई है। हालांकि, वीकेंड पर मनाली में अभी भी रौनक बरकरार है।
मनाली से लेकर लाहौल-स्पीति तक पर्यटक मस्ती कर रहे हैं। बर्फ के बीच पर्यटक सैर-सपाटे का आनंद लेने के साथ शीतकालीन खेलों का भी अनुभव ले रहे हैं। नववर्ष की पूर्व संध्या पर मनाली में लगभग एक लाख पर्यटक पहुंचे थे। क्रिसमस के बाद प्रतिदिन दो हजार से अधिक वाहन मनाली आए, लेकिन एक जनवरी के बाद यह आंकड़ा 1500 से 1600 वाहन चल रहा है। वीकेंड पर शुक्रवार शाम तक लगभग 1500 पर्यटक मनाली पहुंचे। पर्यटकों की संख्या कम होने के बावजूद मनाली में रौनक बरकरार है। शुक्रवार को मनाली के हिडिंबा मंदिर, वशिष्ठ, सोलंगनाला में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी। अटल टनल रोहतांग के साउथ और नाॅर्थ पोर्टल तक पर्यटक पहुंच रहे हैं। सोलंगनाला में पर्यटक शीतकालीन खेलों का भी जमकर लुत्फ ले रहे हैं। सोलंगनाला में स्कीइंग और पैराग्लाडिंग का सैलानियों ने आनंद लिया। पर्यटन कारोबारी चुनी लाल, चमन, लुदर चंद ने बताया कि बर्फबारी के बाद सोलंगनाला में रौनक बढ़ गई है। पर्यटक शीतकालीन खेलों का लुत्फ ले रहे हैं। आने वाले दिनों में बर्फबारी और हुई तो पर्यटकों की भीड़ जुटेगी। होटलियर एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि नववर्ष के बाद पर्यटकों की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन रौनक बनी हुई है। इस साल मनाली में अच्छा विंटर सीजन चलने की उम्मीद है।